
रायपुर: छत्तीसगढ़ में सर्दी का असर लगातार बना हुआ है। मौसम विभाग रायपुर केंद्र द्वारा जारी आज की रिपोर्ट (सुबह 8:30 बजे) के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया है। खासकर उत्तरी छत्तीसगढ़ में ठंड ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है।

मौसम विभाग के मुताबिक अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.8 डिग्री कम है। वहीं पेंड्रा में न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3.5 डिग्री नीचे दर्ज हुआ। इन इलाकों में सुबह के समय कोहरा और ठंडी हवाओं का असर देखा गया।
राजधानी रायपुर-लालपुर में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री और रायपुर-माना में 9.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से नीचे है। हालांकि दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी गई। रायगढ़ और दुर्ग में अधिकतम तापमान 26 से 27 डिग्री के आसपास रहा।राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 28 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान यहां भी सामान्य से नीचे बना हुआ है। पूरे प्रदेश में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह-शाम ठंड और हल्के कोहरे की संभावना जताई है। लोगों को विशेषकर सुबह के समय सतर्क रहने और ठंड से बचाव की सलाह दी गई है।






















