

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ नवीन व्यावसायिक प्रशिक्षक कल्याण संघ के प्रदेश अध्यक्ष भूपेश साहू के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने 24 अगस्त, 2025 को छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा के निवास स्थान पर एक शिष्टाचार भेंट का आयोजन किया। इस दौरान संघ के पदाधिकारियों ने शर्मा को अपने संगठन का संरक्षक नियुक्त किए जाने का प्रस्ताव रखा, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष भूपेश साहू ने इस नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, ” संजय शर्मा जी का शिक्षा जगत में व्यापक अनुभव और सम्मान है। उनके मार्गदर्शन में हमारा संगठन व्यावसायिक प्रशिक्षकों के हितों और उनके कल्याण के लिए और अधिक सशक्त होकर कार्य कर सकेगा। यह हम सभी के लिए गर्व की बात है।”
नवनियुक्त संरक्षक संजय शर्मा ने इस जिम्मेदारी को स्वीकार करते हुए कहा, “मैं संघ के इस विश्वास के लिए साहू जी और संघ के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करता हूं। मेरा पूर्ण प्रयास रहेगा कि राज्य के सभी व्यावसायिक प्रशिक्षकों की समस्याओं को एकजुट होकर सुलझाया जाए और उनके कल्याण के लिए हरसंभव पहल की जाए।”
इस शिष्टाचार भेंट के संदर्भ में जिला सूरजपुर संघ के जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार प्रजापति ने संजय शर्मा के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि उनके सरंक्षण में निश्चित रूप से हमारा संघ को मजबूती मिलेगा और हम अपने अधिकार के लिए एकजुट होकर सफलता प्राप्त करेंगें। संघ के उपाध्यक्ष राहुल राठौर, सचिव अभिषेक ताम्रकार, बिलासपुर संभाग अध्यक्ष गोपी दुबे एवं अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।






















