


रायपुर: छत्तीसगढ़ से राज्यसभा की खाली हो रही सीट के लिए भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार लक्ष्मी वर्मा ने गुरुवार को विधानसभा पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल कर दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और वरिष्ठ विधायक धरमलाल कौशिक उनके प्रस्तावक बने।
नामांकन दाखिल करने के लिए विधानसभा पहुंचने पर लक्ष्मी वर्मा का पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ से राज्यसभा में वर्तमान में पांच सांसद प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इनमें से कांग्रेस की फूलो देवी नेताम और के.टी.एस. तुलसी का कार्यकाल 9 अप्रैल को समाप्त हो रहा है। वहीं राजीव शुक्ला और रंजीत रंजन का कार्यकाल 29 जून 2028 तक जारी रहेगा। इसके अलावा भाजपा के देवेन्द्र प्रताप सिंह का कार्यकाल 2 अप्रैल 2030 तक है।
































