


CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है। फरवरी की शुरुआत के साथ ही दिन के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे गर्मी अभी से लोगों को परेशान करने लगी है। वहीं, कई इलाकों में सुबह के समय धुंध और कोहरे की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि मार्च तक रातों में हल्की ठंड का असर बना रह सकता है।
आज के मौसम की बात करें तो मौसम विभाग के अनुसार 7 फरवरी को प्रदेश के सभी जिलों में न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि, अगले कुछ दिनों में रात के तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। ऐसे में सुबह और रात के समय ठंड का अहसास ज्यादा होगा।
फरवरी के शुरुआती दिनों में ही गर्मी का असर दिखने लगा है। CG Weather Update के अनुसार प्रदेश में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने लगा है, जबकि न्यूनतम तापमान भी 18 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। जगदलपुर और रायपुर प्रदेश के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहे। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में दिन का तापमान और बढ़ सकता है।
मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि मार्च तक रातों में हल्की ठंड बनी रह सकती है, लेकिन दिन में तापमान अपेक्षाकृत अधिक रहेगा। रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के अधिकांश जिलों में धुंध और कोहरे की स्थिति देखी जा सकती है, जबकि दक्षिण छत्तीसगढ़ में मौसम साफ रहने की संभावना है।
































