


CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। सुबह के समय ठंड का एहसास होने के बाद अब लोगों को दिन में हल्की गर्मी सताने लगी है। अचानक हुए इस बदलाव के कारण प्रदेश के कई इलाकों में रात और सुबह ठंड, जबकि दिन में गर्मी महसूस की जा रही है। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में अब भी कड़ाके की ठंड बनी हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ के उत्तरी हिस्सों, खासकर सरगुजा संभाग में ठंड का असर ज्यादा रहने की संभावना है। यहां न्यूनतम तापमान में गिरावट के चलते लोगों को ठिठुरन का सामना करना पड़ सकता है। वहीं राजधानी रायपुर सहित मैदानी इलाकों में फिलहाल तापमान में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं, लेकिन दिन के समय गर्मी का असर धीरे-धीरे बढ़ रहा है।
मौसम विभाग का कहना है कि रायपुर में गुरुवार को आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। दिन में हल्की गर्मी महसूस होगी, जबकि सुबह और शाम के समय मौसम सुहावना बना रहेगा। फिलहाल पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क है और तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर रहने की संभावना जताई गई है। यह बदलाव खासकर दिन और रात के तापमान के अंतर को और स्पष्ट कर रहा है।
































