

रायपुर: छत्तीसगढ़ में आने वाले दिनों में गर्मी तेज होने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। खासतौर पर बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभागों में 12 अप्रैल से एक-दो स्थानों पर तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश दर्ज की गई है, लेकिन आगामी दिनों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने वाला है। हाल ही में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 37.5°C राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 19.0°C अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।
प्रदेश के मौसम पर प्रभाव डालने वाले सिस्टम की बात करें तो ओडिशा के ऊपर समुद्र तल से लगभग 0.9 किमी ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके साथ ही एक उत्तर-दक्षिण गर्त (पवन असंतुलन) ओडिशा से लेकर तेलंगाना, रायलसीमा होते हुए तमिलनाडु और मन्नार की खाड़ी तक फैला हुआ है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है।राजधानी रायपुर में 10 अप्रैल को आसमान साफ रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 38°C और न्यूनतम तापमान 25°C के आसपास रहने का अनुमान है।

































