


CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। फिलहाल पूरे प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क बना हुआ है। राजधानी रायपुर सहित राज्य के सभी हिस्सों में आसमान बिल्कुल साफ है और कहीं भी बारिश की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश पर अभी कोई सक्रिय मौसम प्रणाली प्रभाव नहीं डाल रही है, इसलिए वर्षा का आंकड़ा शून्य है।
हालांकि, आने वाले दिनों में हल्की ठंड का असर बढ़ सकता है। विभाग का अनुमान है कि तीन दिन बाद अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे दिन के समय हल्की ठंडक महसूस होगी, लेकिन मौसम शुष्क ही रहेगा।
अगले सात दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। वहीं अधिकतम तापमान भी अगले तीन दिनों तक लगभग स्थिर रहेगा। कुल मिलाकर मौसम संतुलित रहने का अनुमान है और अचानक गर्मी बढ़ने की स्थिति फिलहाल नहीं है।
प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ, जहां सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस की जा रही है।
21 फरवरी को रायपुर में आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। अगले दो दिनों तक भी प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा।
































