


रायगढ़: रायगढ़ जिले में जंगली हाथी के हमले से एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना रविवार दोपहर धमरजयगढ़ वनमंडल के छाल रेंज अंतर्गत ग्राम चुहकीमार में हुई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल बन गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम चुहकीमार निवासी गंगाराम सारथी रोजाना की तरह रविवार सुबह करीब 10 बजे जंगल में लकड़ी लेने गए थे। दोपहर लगभग ढाई बजे के आसपास जंगल में उनका अचानक एक जंगली हाथी से सामना हो गया। इससे पहले कि वे खुद को संभाल पाते, हाथी ने उन पर हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और हाथी मित्र दल की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने क्षेत्र का मुआयना कर शव को बाहर निकलवाया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की। वहीं, ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की गई है।बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में बीते कुछ समय से जंगली हाथियों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे ग्रामीणों में लगातार भय बना हुआ है। जंगल से लकड़ी, महुआ या अन्य वनोपज लेने जाने वाले लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।वन विभाग द्वारा हाथी की निगरानी की जा रही है और प्रभावित इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है। साथ ही ग्रामीणों को समूह में जंगल जाने और सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
































