


भिलाई: भिलाई के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में एक 24 वर्षीय युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान राजीव नगर निवासी सौरभ सोनकर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक ने दिन में परिजनों के साथ होली मनाई थी, लेकिन रात में उसका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला।
परिजनों के अनुसार, घटना की जानकारी मिलते ही उसे तुरंत नीचे उतारकर शहर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण रहा, क्योंकि बड़ी संख्या में परिजन और परिचित वहां पहुंच गए थे। बाद में शव को अस्पताल की मर्च्यूरी में रखवा दिया गया।गुरुवार सुबह पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल, सुपेला में कराई जाएगी।
घटना की सूचना मिलते ही सुपेला और वैशाली नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घर का मुआयना कर आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ कर दी गई है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।































