


बालोद: जिले के दल्लीराजहरा में होली के दूसरे दिन एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां रेलवे के एक सेवानिवृत्त कर्मचारी ने ट्रेन के सामने रेलवे पटरी पर गर्दन रखकर आत्महत्या कर ली। ट्रेन गुजरने से उसका शरीर दो हिस्सों में बंट गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और दल्लीराजहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र स्थित दल्लीराजहरा रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे की है। बताया जा रहा है कि दल्लीराजहरा से अंतागढ़ की ओर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन स्टेशन से रवाना होने ही वाली थी। इसी दौरान एक व्यक्ति तेजी से दौड़ते हुए रेलवे ट्रैक पर पहुंचा और ट्रेन के सामने पटरी पर गर्दन रखकर लेट गया। इससे पहले कि चालक ट्रेन को रोक पाता, ट्रेन उसके ऊपर से गुजर गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान दल्लीराजहरा के वार्ड क्रमांक 26 निवासी जवाहरलाल के रूप में हुई है, जो रेलवे से सेवानिवृत्त कर्मचारी बताए जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आत्महत्या के पीछे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
































