नारायणपुर: नारायणपुर जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नारायणपुर पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 44.6 बल्क लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जप्त की है। पुलिस ने इस दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

पुलिस को मिली मुखबिर सूचना के आधार पर साप्ताहिक बाजार क्षेत्र में घेराबंदी कर एक एक्टिवा स्कूटी (क्रमांक सीजी 21 एफ 9826) सवार व्यक्ति को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुरत व्यापारी (52 वर्ष), निवासी बखरापारा, नारायणपुर बताया।तलाशी के दौरान पीले रंग की प्लास्टिक बोरी में रखे दो कार्टून से 750-750 मिलीलीटर की 24 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई। कुल 18 बल्क लीटर शराब जप्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 70 हजार रुपये बताई जा रही है। आरोपी के पास शराब परिवहन संबंधी कोई वैध दस्तावेज नहीं पाया गया।

दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने नारायणपुर-कोण्डागांव मार्ग पर घेराबंदी कर हीरो सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (सीजी-17 केएफ-1120) सवार एक व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रकाश कुलदीप (38 वर्ष), निवासी फरसगांव, जिला नारायणपुर बताया।काले रंग के पिट्ठू बैग की तलाशी में 6 बोतल (750 मि.ली.), 4 अद्धी (375 मि.ली.), 45 पौवा (180 मि.ली.) तथा 25 केन बीयर (500 मि.ली.) बरामद किए गए। कुल 26.6 बल्क लीटर शराब जप्त की गई। बरामद शराब की कीमत 25 हजार रुपये तथा मोटरसाइकिल की कीमत 50 हजार रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई में कुल 75 हजार रुपये की जप्ती की गई।दोनों कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 44.6 बल्क लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जप्त करते हुए लगभग 1 लाख 45 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की विवेचना की जा रही है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!