रायगढ़: एनएसयूआई रायगढ़ जिला इकाई ने छात्रों के अधिकारों और स्थानीय युवाओं को रोजगार दिलाने की मांग को लेकर 10 मार्च को ‘छात्र अधिकार रैली’ निकालने का ऐलान किया है। रैली इतवारी बाजार चौक से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचेगी, जहां प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मांगें रखी जाएंगी।

जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता एनएसयूआई जिला अध्यक्ष आरिफ हुसैन ने की। उन्होंने बताया कि रैली 10 मार्च को सुबह 11 बजे इतवारी बाजार चौक से शुरू होगी और मेन रोड, शहीद चौक होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचेगी। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र और युवा शामिल होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाएंगे।

एनएसयूआई की प्रमुख मांगों में सभी सरकारी कॉलेजों में प्लेसमेंट सेल का गठन, स्थानीय उद्योगों जैसे एनटीपीसी, अडानी और जिंदल सहित अन्य निजी कंपनियों में स्थानीय युवाओं को 70 प्रतिशत आरक्षण, कॉलेजों में नियमित कैंपस इंटरव्यू की व्यवस्था और छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा शामिल है। साथ ही सभी छात्र संगठनों के साथ समान व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई है।

आरिफ हुसैन ने प्रशासन पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि एनएसयूआई के दो कार्यक्रम फेयरवेल पार्टी और होली मिलन को बंद करवा दिया गया, जबकि अन्य छात्र संगठनों के कार्यक्रमों को संरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने इसे छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन बताया।

उन्होंने कहा कि रायगढ़ एक बड़ा औद्योगिक जिला होने के बावजूद यहां के कई युवा बेरोजगार हैं, क्योंकि स्थानीय उद्योगों में स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। इसी मुद्दे को लेकर एनएसयूआई यह रैली निकाल रही है।

बैठक में विश्वविद्यालय अध्यक्ष साकिब अनवर, गौरव साव, बलराम, छात्रा प्रमुख नताशा, शिब्तेन, गुलशन, बंटी, मानी चंदेल, देवेश, असदुल्लाह, आदेश, गौरव, विकास, उबेद, दीपक सारिम और केजल श्रीवास सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!