


बिलासपुर: बिलासपुर में रविवार देर रात एक नवविवाहित दंपती का शव पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों ने एक ही फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान जयरामनगर परसदा निवासी 26 वर्षीय प्रकाश यादव और उनकी 22 वर्षीय पत्नी पूर्णिमा यादव के रूप में हुई है। दोनों की शादी करीब एक वर्ष पहले हुई थी। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है।बताया जा रहा है कि पूर्णिमा अपने ससुर से अलग रहना चाहती थी, जिसे लेकर घर में अक्सर विवाद होता था। रविवार को भी किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद दोनों किराए के मकान से अपना सामान समेटकर बाहर निकल गए।कुछ समय बाद सीपत रोड स्थित सूर्या चौक पटवारी प्रशिक्षण केंद्र के पास एक नीम के पेड़ पर दोनों का शव एक ही फंदे से लटका मिला। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके। इस दर्दनाक घटना से इलाके में शोक का माहौल है।
































