


बीजापुर: जिले में माओवादियों के विरुद्ध चलाए जा रहे प्रभावी नक्सल विरोधी अभियानों के तहत सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। केरिपु 214 वाहिनी कैंप कांडलापरती-2 द्वारा थाना फरसेगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम नीलमड़गु की ओर सर्चिंग एवं एरिया डॉमिनेशन अभियान चलाया गया। इस दौरान माओवादियों की एक बड़ी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया।
अभियान के दौरान B/214 वाहिनी एवं यूनिट बीडीडी टीम द्वारा डिमाइनिंग कार्यवाही करते हुए माओवादियों द्वारा प्लांट किए गए कुल 16 नग बीयर बोतल आईईडी तथा 01 नग 5 किलोग्राम वजन का प्रेशर कुकर आईईडी बरामद किया गया। सुरक्षा बलों की सतर्कता के चलते किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। बरामद सभी आईईडी को बीडीडी टीम द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं प्रोटोकॉल का पालन करते हुए मौके पर ही सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया गया।
आगे की सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बलों को माओवादियों द्वारा जमीन के भीतर प्लास्टिक ड्रम में डंप कर छिपाकर रखी गई संदिग्ध सामग्री भी मिली। बरामद सामग्री में रस्सी, फ्लेक्सिबल वायर, मल्टीमीटर, आयरन सोल्डरिंग रॉड, वायर कटर, एम-सील, पेंसिल बैटरी 1.5 वोल्ट (AAA), डीसी मोटर सहित अन्य तकनीकी सामान शामिल है। इसके अलावा माओवादी वर्दी, मैगजीन पाउच, दवाइयाँ, माओवादी साहित्य, पाम्फलेट तथा अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री भी बरामद की गई है।
सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार यह सामग्री माओवादियों द्वारा आईईडी निर्माण और बड़ी वारदातों को अंजाम देने के उद्देश्य से एकत्र की गई थी। समय रहते इसकी बरामदगी से माओवादियों की मंशा पर पानी फिर गया है। फिलहाल क्षेत्र में माओवादियों के खिलाफ सघन गश्त और सर्चिंग अभियान लगातार जारी है, ताकि किसी भी प्रकार की नक्सली गतिविधि को पूरी तरह से रोका जा सके।
































