


बिलासपुर: छत्तीसगढ़ सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी रतनलाल डांगी को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई एक सब-इंस्पेक्टर (SI) की पत्नी द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोपों के बाद की गई है। मामले में विभागीय जांच पहले से ही लंबित है, जिसके मद्देनजर गृह (पुलिस) विभाग ने यह कदम उठाया है।
जानकारी के अनुसार, लगभग पांच महीने पहले ही राज्य सरकार ने डांगी को उनके आईजी पद से हटा दिया था। ताजा निलंबन आदेश के बाद उनका मुख्यालय पुलिस मुख्यालय (PHQ) नया रायपुर निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी।
मामले की शुरुआत 15 अक्टूबर 2025 को हुई थी, जब पीड़िता ने पुलिस मुख्यालय में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उसने बताया कि उसकी मुलाकात वर्ष 2017 में कोरबा में हुई थी, जब रतनलाल डांगी वहां एसपी के पद पर पदस्थ थे। शुरुआती संपर्क सोशल मीडिया के जरिए हुआ, जो धीरे-धीरे बढ़ता गया।पीड़िता के अनुसार, दंतेवाड़ा में पदस्थापना के दौरान वह वीडियो कॉल के माध्यम से डांगी को योग सिखाती थी। बाद में जब डांगी राजनांदगांव और सरगुजा में आईजी बने, तब उन्होंने कथित रूप से उसे परेशान करना शुरू कर दिया। बिलासपुर में आईजी रहते हुए उत्पीड़न का सिलसिला और बढ़ने का आरोप लगाया गया है।फिलहाल, पूरे मामले की विभागीय जांच जारी है और शासन की इस कार्रवाई को एक बड़ी प्रशासनिक सख्ती के रूप में देखा जा रहा है।
































