रायगढ़: धरमजयगढ़ वन मंडल क्षेत्र से दर्दनाक खबर सामने आई है। खेत जा रहे किसान पर  हाथी के हमले में घायल किसान की इलाज के दौरान मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, क्रोंधा निवासी पंचराम कुम्हार शनिवार सुबह अपने खेत के काम से बायसी दिशा की ओर जा रहे थे। लगभग शाम 4 बजे वे बायसी आरएफ 369 जंगल क्षेत्र में पहुंचे, जहां अचानक एक हाथी से आमना-सामना हो गया।

अचानक हुई इस मुठभेड़ में हाथी आक्रामक हो उठा और उसने पंचराम पर हमला कर दिया। किसान गंभीर रूप से घायल होकर वहीं बेहोश हो गए। घटना की सूचना ग्रामीणों को मिलते ही उन्होंने तुरंत पंचराम को धरमजयगढ़ अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उनकी स्थिति बेहद गंभीर थी।

धरमजयगढ़ रेंज के रेंजर डी.पी. सोनवानी से फोन पर मिली जानकारी के अनुसार, उपचार के दौरान पंचराम कुम्हार ने दम तोड़ दिया। रेंजर सोनवानी स्वयं टीम के साथ अस्पताल में मौजूद हैं और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

घटना के बाद वन विभाग ने इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है। विभाग के अनुसार, एक अकेला दाँतैल हाथी रायगढ़ रोड पार कर 367 आरएफ क्षेत्र  की ओर बढ़ गया है। शेरवन, लम्बाहरी, दर्रीडीह, ओंगना और पोटिया गांव के लोगों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें, उनकी गतिविधियों की जानकारी तुरंत नजदीकी वनकर्मी को दें और अनावश्यक रूप से जंगल की ओर न जाएं। विभाग लगातार निगरानी बढ़ा रहा है ताकि इंसान-वन्यजीव संघर्ष को रोका जा सके।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!