

बीजापुर। बीजापुर जिले के मिंगाचल स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 22वीं बटालियन में पदस्थ एक जवान ने खुद को सर्विस राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक जवान की पहचान पप्पू यादव के रूप में हुई है, जो बिहार के भोजपुर जिले का रहने वाला था।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 5 बजे ड्यूटी पर तैनात जवान पप्पू यादव ने अपनी ही राइफल से गले में गोली मार ली। गोली सिर को चीरते हुए निकल गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह एक दिन पहले ही छुट्टी से लौटा था।घटना की जानकारी मिलते ही आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने घटना की पुष्टि की है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।






















