


रायगढ़: होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस ने जिलेभर में ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत अवैध शराब के खिलाफ व्यापक अभियान छेड़ रखा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पिछले 48 घंटों के भीतर विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी कर 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 158 लीटर से अधिक कच्ची महुआ शराब, देशी एवं विदेशी मदिरा की बड़ी खेप तथा एक मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त शराब और वाहन की कुल कीमत हजारों रुपये आंकी गई है।
इस कार्रवाई के दौरान थाना घरघोड़ा पुलिस ने ग्राम कुडुमकेला से 42 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। थाना चक्रधरनगर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर जामगांव रेलवे फाटक के पास मोटरसाइकिल में शराब परिवहन करते दो आरोपियों को पकड़ा, जिनके पास से 9 लीटर देशी मदिरा और वाहन बरामद हुआ। इसके अलावा छिरवानी गांव में अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 21 लीटर महुआ शराब जब्त की गई।
थाना जुटमिल पुलिस ने दो आरोपियों को कुल 7.920 बल्क लीटर और 45 पाव देशी-विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। वहीं थाना तमनार क्षेत्र में 22.5 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। थाना पुसौर पुलिस ने ग्राम बरपाली के पास 6 लीटर महुआ शराब जब्त की तथा सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वाले पांच लोगों पर भी कार्रवाई की। थाना कोतवाली क्षेत्र में 8 लीटर महुआ शराब और 3.6 लीटर देशी मदिरा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2), 59(क) एवं 36(च) के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इसके अतिरिक्त जिला मुख्यालय सहित खरसिया, पुसौर और छाल क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन कर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले 16 व्यक्तियों पर भी कार्रवाई की गई है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा है कि होली के दौरान अवैध शराब और नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जिले में लगातार पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि आम नागरिक सुरक्षित माहौल में त्योहार मना सकें।
































