

जशपुर: जशपुर और रायगढ़ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। ऑपरेशन ‘आघात के तहत पत्थलगांव क्षेत्र में एक कार से 112 किलो 770 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है। इस कार्रवाई में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस को रायगढ़ जिले की लैलूंगा थाना से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध कार में भारी मात्रा में गांजा परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर जशपुर पुलिस ने पत्थलगांव के पुरानी बस्ती मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर सघन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध टोयोटा कार (क्रमांक DL-3CB-5298) को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन तेज गति से भगा दिया।पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए कार का पीछा किया। कुछ दूरी पर वाहन अनियंत्रित होकर नाले में फंस गया, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दो संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान संजीव कुमार नट (30 वर्ष, जिला इटावा, उत्तरप्रदेश) और विजय पंडित (28 वर्ष, मूल निवासी वैशाली, बिहार, वर्तमान लोनावाला, पुणे) के रूप में हुई।तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट के नीचे छिपाकर रखी गई 7 प्लास्टिक बोरियों में 108 पैकेट गांजा बरामद किया गया, जिसका कुल वजन 112 किलो 770 ग्राम है। आरोपियों के पास गांजा संबंधी कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने गांजा और वाहन को जब्त कर लिया। जब्त मादक पदार्थ की बाजार कीमत लगभग 54 लाख रुपये तथा वाहन की कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी गई है।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह गांजा उड़ीसा के संबलपुर से खरीदकर उत्तरप्रदेश ले जा रहे थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना पत्थलगांव में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(2)(C) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पांडे, उप निरीक्षक कृपादान लकड़ा सहित पुलिस टीम और रायगढ़ जिले की लैलूंगा पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

































