लखनपुर/ प्रिंस सोनी: लखनपुर थाना क्षेत्र के अंबिकापुर–बिलासपुर नेशनल हाईवे 130 पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार के कारण एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 10 फीट नीचे खेत में जा गिरी। हादसा सुबह लगभग 7 बजे लहपटरा और रजपुरी कला के बीच स्थित कमल फ्यूल सेंटर  के पास हुआ। दुर्घटना में तीन महिलाएं और एक पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका उपचार अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जारी है।

जानकारी के अनुसार सभी घायल अंबिकापुर निवासी हैं जो रायपुर से लौट रहे थे। जैसे ही कार कमल फ्यूल सेंटर के पास पहुंची, अचानक चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया। तेज रफ्तार में कार सीधे सड़क किनारे बने ढलान से नीचे खेत में जा पलटी। ग्रामीणों के अनुसार कार लगभग तीन बार पलटी खाने के बाद खेत में जाकर रुक गई।हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। स्थानीय निवासी अजहर चौधर  और अन्य लोगों ने चारों घायलों को कार से बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक घायलों का उपचार जारी है और सभी की स्थिति चिकित्सकों की निगरानी में है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार की गति अत्यधिक तेज थी। सड़क पर मोड़ के कारण चालक नियंत्रण नहीं संभाल पाया और वाहन सीधे नीचे जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस  मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और सटीक कारणों की छानबीन की जा रही है।

स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे तेज रफ्तार वाहनों पर चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि हादसे रोकने के लिए इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर, संकेत बोर्ड और नियमित पेट्रोलिंग की आवश्यकता है।फिलहाल कार सवार चारों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!