


जशपुर: सोशल मीडिया पर वायरल हुए खतरनाक स्टंट वीडियो को लेकर जशपुर पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की है। यह मामला थाना सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र केसारुडीह किनकेल इलाके का है, जहां कुछ किशोरों द्वारा स्कॉर्पियो और बुलेट मोटरसाइकिल पर जान जोखिम में डालकर स्टंट किए जाने का वीडियो तेजी से वायरल हुआ था।
वीडियो में देखा गया कि युवक वाहन की खिड़की से बाहर निकलकर बोतल लहराते हुए तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहे थे, जिससे न केवल उनकी बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने काले रंग की स्कॉर्पियो क्रमांक JH-01-FC-1960 और बुलेट मोटरसाइकिल क्रमांक JH-01-BN-4563 को चिन्हित कर जब्त किया। स्कॉर्पियो वाहन ग्राम सारुडीह निवासी अविनाश एक्का (25 वर्ष) का पाया गया, जो स्वयं वाहन चला रहा था। वहीं बुलेट मोटरसाइकिल बाधरकोना निवासी एक व्यक्ति की बताई गई, जिस पर एक युवती स्टंट कर रही थी। स्टंट में शामिल एक तीसरे बिना नंबर की स्कॉर्पियो को भी पुलिस ने चिन्हित कर लिया है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस ने खतरनाक तरीके से वाहन चलाने पर MV एक्ट की धारा 184 व 66/192 के तहत कार्रवाई करते हुए प्रकरण को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही स्टंट में शामिल युवकों और युवतियों के परिजनों को थाने बुलाकर उन्हें समझाइश दी गई कि इस तरह के कृत्य से उनका जीवन और दूसरों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।
जशपुर पुलिस की आम नागरिकों से अपील, स्टंट बाजी से बचें,यातायात नियमों का पालन करें, शराब के नशे में वाहन न चलावें, सतर्क रहें सुरक्षित रहें, जशपुर पुलिस ऐसे मामलों पर निगाह रखी हुई है, यातयात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्यवाही की जावेगी
































