
बीजापुर: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में माओवादियों की एक और कायराना हरकत सामने आई है। जिले के तर्रेम थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छुटवाई और बड़ा तर्रेम में 20 से 21 जुलाई की दरम्यानी रात माओवादियों ने दो ग्रामीणों की बेरहमी से हत्या कर दी। मारे गए ग्रामीणों की पहचान कवासी जोगा (उम्र लगभग 55 वर्ष) और मंगलू कुरसम (उम्र लगभग 50 वर्ष) के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार देर रात करीब 4-5 अज्ञात माओवादी गांव में पहुंचे और दोनों ग्रामीणों को घर से बाहर बुलाकर धारदार हथियार से निर्मम तरीके से मार डाला। यह वारदात न सिर्फ माओवादियों की अमानवीय सोच को उजागर करती है, बल्कि क्षेत्र में फैले डर और असुरक्षा की भावना को भी दर्शाती है।घटना की सूचना मिलते ही तर्रेम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की पुष्टि की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और माओवादियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। सुरक्षा बलों को सतर्क कर इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है।इस नृशंस हत्या के बाद से ग्रामीणों में भय और आक्रोश व्याप्त है। बार-बार होने वाली माओवादी हिंसा से आम नागरिकों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
आप बता दे कि बीजापुर में नक्सलियों ने 25 दिनों में मुखबिरी के शक में 10 लोगों की हत्या की है। जिसमें 6 ग्रामीण और 2 छात्र और 2 शिक्षा दूत शामिल हैं। वहीं, नक्सलियों ने पिछले 25 साल में 1821 लोगों का मर्डर किया है।