


रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र आज 23 फरवरी से प्रारंभ हो रहा है। 20 मार्च तक चलने वाले इस सत्र में कुल 15 बैठकें प्रस्तावित हैं। सत्र की शुरुआत सुबह 11:05 बजे राज्यपाल के अभिभाषण से होगी, जिसमें सरकार की आगामी नीतियों और प्राथमिकताओं की रूपरेखा प्रस्तुत की जाएगी।
वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट 24 फरवरी को सदन में पेश किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने पूर्व में जानकारी दी थी कि वित्त मंत्री ओपी चौधरी वर्ष 2026-27 का आय-व्ययक प्रस्तुत करेंगे। बजट पेश होने के बाद 26 और 27 फरवरी को उस पर सामान्य चर्चा होगी।
सत्र की एक अहम विशेषता यह भी रहेगी कि शराब घोटाला मामले में जेल में रहे पूर्व मंत्री कवासी लखमा भी सदन में उपस्थित रहेंगे। उच्च न्यायालय से अंतरिम जमानत मिलने के बाद उन्हें निर्धारित शर्तों के साथ बजट सत्र में भाग लेने की अनुमति दी गई है।
सामान्य चर्चा के पश्चात 9 से 17 मार्च तक विभागवार अनुदान मांगों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा। 17 मार्च को विनियोग विधेयक प्रस्तुत किया जाएगा, जबकि 18 मार्च को उस पर चर्चा के बाद पारित करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। बजट सत्र को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज है और सत्ता पक्ष व विपक्ष के बीच कई मुद्दों पर तीखी बहस की संभावना जताई जा रही है।
































