


सूरजपुर: सूरजपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कोट चन्दरपुर के गांव में एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है, जहां एक ही परिवार के तीन सदस्यों की दम घुटने से मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना में पति, पत्नी और उनके चार वर्षीय मासूम बच्चे की जान चली गई।
जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान 28 वर्षीय कवल सिंह, 25 वर्षीय कुंती और उनके 4 वर्षीय मासूम बच्चे के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार ने रात में ठंड से बचने के लिए कमरे के अंदर पत्थर कोयला जलाया था और उसी कमरे में सो गए।
बताया जा रहा है कि जिस कमरे में कोयला जलाया गया था, वहां न तो कोई खिड़की थी और न ही रोशनदान, जिससे हवा का आवागमन नहीं हो सका। कोयले से निकलने वाली जहरीली गैस कमरे में भर गई और तीनों की दम घुटने से मौके पर ही मौत हो गई।सुबह जब आसपास के लोगों को संदेह हुआ तो उन्होंने घर जाकर देखा, जहां पूरा परिवार बेसुध पड़ा मिला। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। इस घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग गहरे सदमे में हैं।































