रायपुर। छत्तीसगढ़ की प्रशासनिक बेंच जल्द ही बड़े फेरबदल की तैयारी कर रही है। इस बदलाव में मंत्रालय से लेकर जिलों में पदस्थ कलेक्टरों तक बदलाव संभव है। कयास हैं कि नए मुख्य सचिव की नियुक्ति के साथ ही सरकार इस मसौदे को अंतिम रूप दे सकती है। इस हफ्ते के अंत तक राज्य को नया प्रशासनिक मुखिया मिलने की संभावना है।

एशियन डेवलपमेंट बैंक से लौटाए गए 1994 बैच के आईएएस विकासशील को मुख्य सचिव बनाने की चर्चा जोर पकड़ रही है। बताया गया कि उन्होंने राजधानी में कुछ लोगों से मुलाकात की, लेकिन अभी तक केंद्र सरकार से उनकी सेवाएं छत्तीसगढ़ को लौटाए जाने का आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ही विकासशील को राज्य वापस बुलाने की पहल की थी, जिसके बाद डीओपीटी ने उनकी नई पोस्टिंग की। माना जा रहा है कि जल्द ही मुख्य सचिव नियुक्ति का आदेश जारी कर दिया जाएगा।

नए मुख्य सचिव के साथ मंत्रालय में भी महत्वपूर्ण फेरबदल की संभावना है। अफसरों की जिम्मेदारियां बदली जा सकती हैं। चर्चा है कि सिद्धार्थ कोमल परदेसी को स्वास्थ्य विभाग और बसव राजू को स्कूल शिक्षा विभाग का जिम्मा मिल सकता है। इसी तरह अमित कटारिया को नगरीय प्रशासन विभाग सौंपने की बातें सामने आ रही हैं।

कलेक्टरों के फेरबदल की भी तैयारी है। कोरबा के अजित वसंत, सरगुजा के विलास भोस्कर, बेमेतरा के रणबीर शर्मा, सारंगढ़ के संजय कन्नौजे, बस्तर के हरीश एस समेत कई जिलों के कलेक्टरों को नए स्थान पर भेजा जा सकता है। सरकार नान परफार्मर कलेक्टरों को हटाकर प्रशासनिक कसावट बढ़ाने की योजना में है।

सारांश यह कि साय सरकार सत्ता में आए दो साल पूरे होने के बाद अब जमीन पर सुशासन और प्रशासनिक मजबूती के लिए कोई रिस्क नहीं लेना चाहती। आगामी फेरबदल से राज्य की प्रशासनिक कार्यप्रणाली को दुरुस्त करने पर जोर रहेगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!