

लखनपुर/ प्रिंस सोनी: लखनपुर के सर्व मांगलिक भवन में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय महा प्रशिक्षण अभियान के तहत दो दिवसीय मंडल प्रशिक्षण वर्ग सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने भाग लेकर संगठनात्मक एवं वैचारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री राजेश अग्रवाल एवं भाजपा जिला अध्यक्ष भरत सिंह सिसोदिया उपस्थित रहे। इस दौरान अतिथियों ने भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। साथ ही पार्टी के इतिहास एवं योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया गया।उद्घाटन सत्र में भरत सिंह सिसोदिया ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पार्टी की विचारधारा, संगठन की मजबूती और आगामी रणनीतियों पर प्रकाश डाला। वहीं मंत्री राजेश अग्रवाल ने सरकार की योजनाओं और संगठन की भूमिका को विस्तार से समझाया।
कार्यक्रम के विभिन्न सत्रों में पूर्व जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, अंबिकेश केसरी, फुलेश्वरी सिंह, नितेश सिंह सहित कई वक्ताओं ने अलग-अलग विषयों पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया। दूसरे दिन के सत्रों में धनंजय द्विवेदी, मनोज गुप्ता और राधेश्याम ठाकुर ने भी अपने विचार रखे।इस दौरान रात्रि विश्राम, भोजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिससे कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बना रहा। कार्यक्रम में अंबिकापुर महापौर श्रीमती मंजूषा भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरूपा सिंह सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के सफल संचालन में मंडल अध्यक्ष दिनेश बारी, महामंत्री सचिन बंसल, महेश्वर राजवाड़े सहित सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस प्रशिक्षण वर्ग ने कार्यकर्ताओं में संगठन के प्रति नई ऊर्जा, उत्साह और वैचारिक स्पष्टता का संचार किया।

































