नई दिल्ली/पटना। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। वे मौजूदा अध्यक्ष जेपी नड्डा की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे। इस नियुक्ति के साथ ही पार्टी ने युवा नेतृत्व पर भरोसा जताया है।



नितिन नबीन बिहार सरकार में सड़क निर्माण मंत्री हैं और बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक रह चुके हैं। वे दिग्गज भाजपा नेता नवीन किशोर सिन्हा के पुत्र हैं और सिन्हा कायस्थ समाज से आते हैं। महज 45 वर्ष की उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिलने के साथ ही नितिन नबीन भाजपा के सबसे कम उम्र के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बन गए हैं। इससे पहले अमित शाह जब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे, तब उनकी उम्र 50 वर्ष थी।

संगठन और सरकार दोनों में लंबे अनुभव के चलते नितिन नबीन को यह अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में भी वे भाजपा के प्रभारी रहे थे, जहां पार्टी ने शानदार जीत दर्ज की थी। उनके नेतृत्व, संगठनात्मक कौशल और चुनावी प्रबंधन की क्षमता को देखते हुए भाजपा ने यह रणनीतिक फैसला लिया है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!