

रायपुर: भारतीय जनता पार्टी आज अपना 47वां स्थापना दिवस मना रही है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ समेत पूरे प्रदेश में विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। राजधानी रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ध्वजारोहण करेंगे और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
भाजपा प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज ने जानकारी दी कि स्थापना दिवस के मौके पर प्रदेश कार्यालय सहित सभी जिलों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं रायपुर के एकात्म परिसर में सुबह 10 बजे भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद दिनभर संगठनात्मक गतिविधियां संचालित होंगी। शाम 5 बजे एकात्म परिसर में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया है, जिसमें मुख्यमंत्री साय कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं कार्यक्रम प्रभारी यशवंत जैन के अनुसार, स्थापना दिवस के साथ ही 6 से 12 अप्रैल तक ‘सेवा सप्ताह’ मनाया जाएगा। इस दौरान बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
पार्टी द्वारा 5 से 7 अप्रैल तक प्रदेश और जिला कार्यालयों में दीपोत्सव मनाया जा रहा है। कार्यालयों को झालर, दीप और रंगोली से सजाया गया है। 6 अप्रैल को ध्वजारोहण के बाद पार्टी की विचारधारा, विकास कार्यों पर उद्बोधन होगा और कार्यकर्ताओं के बीच मिठाई व शरबत का वितरण किया जाएगा। साथ ही कार्यकर्ताओं से अपने घरों पर भी ध्वज फहराकर उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करने की अपील की गई है।
6 और 7 अप्रैल को बूथ स्तर पर स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिसमें प्राथमिक और सक्रिय सदस्य भाग लेकर संगठन को मजबूत करने का संकल्प लेंगे। वहीं 8 और 9 अप्रैल को प्रदेश के सभी जिलों में बड़े सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जहां संगठन विस्तार, भाजपा की विकास यात्रा और आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा होगी।7 से 12 अप्रैल तक भाजपा ‘गांव/बस्ती चलो अभियान’ चलाएगी। इसके तहत सांसद, विधायक और संगठन पदाधिकारी गांवों और बस्तियों में प्रवास करेंगे। बड़ी विधानसभाओं में कम से कम 50 और छोटी विधानसभाओं में 20 गांवों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान स्वच्छता अभियान, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान, प्रबुद्धजनों से संवाद और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

































