बिलासपुर। न्यायधानी में बर्ड फ्लू के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिले के प्रसिद्ध कानन पेंडारी चिड़ियाघर को अगले 7 दिनों के लिए आम लोगों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इस दौरान मेडिकल टीम द्वारा पूरे परिसर का सैनिटाइजेशन किया जाएगा और वन्यजीवों की स्वास्थ्य जांच भी की जाएगी।

प्रशासन ने चिड़ियाघर प्रबंधन को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। संभावना जताई जा रही है कि चिड़ियाघर अब अप्रैल माह में ही दोबारा खोला जाएगा।

बिलासपुर में एच5एन1 वायरस यानी बर्ड फ्लू के मामले सामने आने के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर है। संक्रमण को रोकने के लिए तत्काल प्रभाव से 1 किलोमीटर क्षेत्र को संक्रमित जोन और 10 किलोमीटर क्षेत्र को सर्विलांस जोन घोषित किया गया है।

19 मार्च से शुरू हुए संक्रमण के बाद अब तक 4744 पक्षियों की मौत हो चुकी है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने 22 हजार 808 चूजे, बतख और बटेरों को नष्ट किया है। इसके अलावा करीब 80 क्विंटल दाना और 25 हजार अंडों का भी निपटान किया गया है।

संक्रमित क्षेत्र में रामकृष्ण परमहंस नगर और विद्यासागर नगर वार्ड को शामिल किया गया है, जहां विशेष निगरानी रखी जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं और सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!