

लखनपुर/ प्रिंस सोनी: अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। लखनपुर थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-130 स्थित रजपुरी कला में सोमवार देर रात करीब 11 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम अंधला निवासी अरुण सिंह (25), पिता परशुराम सिंह, लखनपुर से अंबिकापुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान रजपुरी कला के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के पीछे उसकी बाइक जा घुसी। हादसे में युवक के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।घटना की सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भिजवाया। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार ट्रक चालक बिना किसी इंडिकेटर या चेतावनी लाइट के सड़क किनारे ट्रक खड़ा कर रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रक मुड़ने से बाइक सवार संतुलन खो बैठा और सीधे ट्रक के पीछे जा टकराया।हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने ट्रक में तोड़फोड़ कर उसके शीशे समेत कई हिस्सों को नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद से मृतक के परिवार में शोक का माहौल है।

































