अंबिकापुर: सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत विशुनपुर खुर्द गोरसीडबरा गांव में हुए सनसनीखेज चोरी कांड का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए अपराध की पूरी कड़ी को बेनकाब कर दिया है। इस मामले में न सिर्फ चोरी करने वाले तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है, बल्कि चोरी का माल खरीदने वाले ज्वेलरी दुकानदार को भी पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचाया है। यह कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के सख्त दिशा-निर्देशन में गांधीनगर पुलिस टीम द्वारा की गई, जिससे जिले में सक्रिय चोर गिरोहों में हड़कंप मच गया है।

घटना उस समय सामने आई जब अनिल कुमार दास अपने पूरे परिवार के साथ जगन्नाथपुरी दर्शन के लिए बाहर गया हुआ था। इस दौरान सूने मकान को निशाना बनाकर चोरों ने ताले तोड़े, अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात चुरा लिए और फरार हो गए। वापस लौटने पर घर का सामान बिखरा देखकर परिवार के होश उड़ गए। पुलिस में रिपोर्ट दर्ज होते ही मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई और तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और सतत निगरानी के माध्यम से संदिग्धों की पहचान की गई।लगातार पूछताछ और सटीक रणनीति के बाद तीनों चोरों ने अपराध स्वीकार किया और उनकी निशानदेही पर चोरी गया मशरुका बरामद किया गया। जांच में सामने आया कि चोरी के आभूषण अंबिकापुर स्थित एक ज्वेलरी दुकानदार को बेचे गए थे, जिसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, सहायक उप निरीक्षक सुभाष ठाकुर, आरक्षक कुंदन पाण्डेय, रमन मंडल, राहुल सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!