सुकमा: सुकमा जिले के कोंटा क्षेत्र में अंतर्राज्यीय जुआ फड़ पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 22 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई आर.एस.एन. लॉज में की गई, जहां लंबे समय से अवैध रूप से जुआ संचालित होने की सूचना मिल रही थी। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नगदी, मोबाइल फोन, वाहन और जुआ खेलने की सामग्री जब्त की है।

जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 22 मार्च 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कोंटा स्थित आर.एस.एन. लॉज के एक कमरे में कुछ लोग रुपये-पैसे का दांव लगाकर ताश के जरिए जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही विशेष पुलिस टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई।पुलिस टीम ने लॉज को घेराबंदी कर छापा मारा, जहां 22 लोग जुआ खेलते हुए रंगे हाथों पकड़े गए। गिरफ्तार आरोपियों में लॉज मालिक आर. मुरली भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹2,00,400 नगद, 18 मोबाइल फोन, 122 गड्डी ताश, 108 खुले पत्ते, एक रजिस्टर, पेन, चादर के अलावा एक चारपहिया वाहन (सेल्टास) और एक स्कूटी भी जब्त की है। जब्त संपत्ति का कुल अनुमानित मूल्य करीब 11.50 लाख बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार पकड़े गए अधिकांश आरोपी तेलंगाना और आंध्रप्रदेश के निवासी हैं, जो अंतर्राज्यीय स्तर पर जुआ खेलने के लिए यहां एकत्रित हुए थे। सभी आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर थाना कोंटा में छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया गया है।सुकमा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!