जशपुर: जिले में अवैध धान परिवहन पर जशपुर पुलिस की सख्त निगरानी लगातार जारी है। इसी कड़ी में चौकी दोकड़ा क्षेत्र में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से धान परिवहन कर रहे दो ट्रैक्टर और एक पिकअप वाहन को पकड़कर कुल 123 क्विंटल धान जब्त किया है। धान से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने वाहनों सहित धान को जब्त कर आगे की कार्रवाई हेतु जिला प्रशासन को सौंप दिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पहला मामला 13 जनवरी 2026 का है। दोपहर करीब 12.15 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि बिना नंबर के दो संदिग्ध ट्रैक्टरों में भारी मात्रा में धान लोड कर सुजीबहार से बगिया की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चौकी दोकड़ा पुलिस ने सुजीबहार के पास दोनों ट्रैक्टरों को रोककर तलाशी ली। तलाशी में प्रत्येक ट्रैक्टर में 125-125 बोरी, कुल 250 बोरी धान लोड मिला। पूछताछ में ट्रैक्टर चालकों ने अपने नाम यमन बेहरा (24) और मुनेश्वर राम (20), दोनों निवासी ग्राम बगिया, बताए। उन्होंने बताया कि धान को बगिया क्षेत्र स्थित वेदांश राइस मिल से लोड कर चोंगरीबहार धान उपार्जन केंद्र में किसी अन्य किसान के टोकन पर खपाने की तैयारी थी। इस पर पुलिस ने 250 बोरी धान सहित दोनों ट्रैक्टर जब्त कर जिला प्रशासन को सौंप दिया।

मामले की जांच के दौरान जिला प्रशासन की टीम ने वेदांश राइस मिल का निरीक्षण किया, जहां मिल संचालक या उनका कोई प्रतिनिधि मौजूद नहीं मिला। फोन पर संपर्क करने का प्रयास भी असफल रहा। जांच में धान भंडारण में अनियमितता पाए जाने पर राइस मिल को सील कर दिया गया है।

दूसरा मामला 14 जनवरी 2026 का है। तड़के करीब 3 बजे मुखबिर की सूचना पर चौकी दोकड़ा पुलिस ने झारखंड से अवैध रूप से धान ला रहे एक पिकअप वाहन क्रमांक JH-FB-3748 को चोंगरीबहार तीतरमारा के पास घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी में पिकअप से 56 बोरी में कुल 29 क्विंटल धान बरामद हुआ। पूछताछ में चालक ने अपना नाम जगरनाथ यादव (42), निवासी कुरडेग, जिला सिमडेगा (झारखंड) बताया और धान को कांसाबेल ले जाना स्वीकार किया। धान से संबंधित कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने पिकअप सहित धान को जब्त कर जिला प्रशासन को सौंप दिया।

इस प्रकार बीते दो दिनों में पुलिस ने दो ट्रैक्टर और एक पिकअप से कुल 306 बोरी में 123 क्विंटल धान जब्त किया है। कार्रवाई में चौकी प्रभारी दोकड़ा उप निरीक्षक अशोक यादव, आरक्षक कुलकांत हंसरा और संजय साय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि जिले में अवैध धान परिवहन पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। अब तक 2200 क्विंटल से अधिक धान पकड़कर जिला प्रशासन को सौंपा जा चुका है और आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!