अंबिकापुर: सरगुजा पुलिस ने गुम मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर बड़ी सफलता हासिल की है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के निर्देशन में साइबर सेल अंबिकापुर और जिले के समस्त थाना चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाकर पिछले पांच महीनों में 525 गुम मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ रुपये बताई गई है।

बरामद मोबाइलों को राजमोहनी भवन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा गया। इस अवसर पर डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल  ने कहा कि थोड़ी सी असावधानी और लापरवाही से मोबाइल गुम हो जाते हैं। आज के समय में मोबाइल व्यक्ति के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। उन्होंने नागरिकों से भीड़भाड़ वाले स्थानों, विशेषकर बाजारों और सब्जी मंडियों में सतर्क रहने की अपील की।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों एवं नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के नेतृत्व में साइबर सेल ने सर्विलांस तकनीक और डिजिटल संसाधनों की मदद से मोबाइल ट्रेस कर उन्हें वापस दिलाया। अधिकांश मोबाइल बाजार, चौक-चौराहों, यात्रा के दौरान और मंदिरों के आसपास से गुम हुए थे। इससे पहले अगस्त 2025 में भी 60 मोबाइल बरामद कर लौटाए गए थे।मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। लोगों ने पुलिस की तकनीकी दक्षता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की। कई आवेदकों ने थाना/चौकी के साथ-साथ केंद्र सरकार के Central Equipment Identity Register (CEIR) पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई।कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता अभियान भी चलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।साथ ही 1 जुलाई 2024 से लागू नए आपराधिक कानून भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA)पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी के माध्यम से नागरिकों को ई-एफआईआर, फोरेंसिक जांच और महिलाओं-बच्चों से जुड़े अपराधों में त्वरित कार्रवाई की जानकारी दी गई।

सरगुजा पुलिस ने अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत नजदीकी थाना में रिपोर्ट दर्ज कराएं और CEIR पोर्टल पर अनिवार्य रूप से शिकायत दर्ज करें, ताकि समय रहते मोबाइल ट्रेस कर वापस दिलाया जा सके।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!