रायपुर। 1994 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विकासशील को छत्तीसगढ़ का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया जाएगा। वे वर्तमान मुख्य सचिव अमिताभ जैन की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल 30 सितंबर को समाप्त हो रहा है। विकासशील अब तक एशियाई डेवलपमेंट बैंक (ADB) मनीला में एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर पद पर कार्यरत थे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर उन्हें समयपूर्व रिलीव किया गया है।

विकासशील ने 1994 में भारतीय प्रशासनिक सेवा ज्वाइन की थी और छत्तीसगढ़ कैडर में आने के बाद उन्होंने कई अहम जिम्मेदारियां निभाईं। वे रायपुर और बिलासपुर जैसे बड़े जिलों के कलेक्टर रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने राज्य शासन में उद्योग, वित्त, स्वास्थ्य और सामान्य प्रशासन जैसे विभागों का नेतृत्व किया।

केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर रहते हुए उन्होंने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और जल शक्ति मंत्रालय में वरिष्ठ पदों पर काम किया। जल जीवन मिशन के मिशन डायरेक्टर के रूप में उनकी भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। मार्च 2025 में केंद्र सरकार ने उन्हें Secretary/Secretary-equivalent ग्रेड के लिए एंपैनल किया था, जिसे उनकी सीनियरिटी और अनुभव का बड़ा सम्मान माना गया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर छत्तीसगढ़ सरकार ने केंद्र से उन्हें वापस बुलाने का अनुरोध किया था। इसके बाद भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DOPT) ने एडीबी को पत्र भेजकर उन्हें समयपूर्व रिलीव किया। अब विकासशील जल्द ही छत्तीसगढ़ के नए मुख्य सचिव के रूप में पदभार संभालेंगे और राज्य की प्रशासनिक मशीनरी को नई दिशा देंगे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!