


छत्तीसगढ़ : में Chhattisgarh e-Challan Rule लागू होने जा रहा है, जिससे राज्य की वित्तीय कार्यप्रणाली पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बनेगी। सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए 1 अप्रैल से मैनुअल चालान प्रणाली को पूरी तरह बंद करने का निर्णय लिया है। अब प्रदेश में सभी तरह के भुगतान केवल ऑनलाइन माध्यम यानी ई-चालान से ही किए जाएंगे।
नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ ही जिला कोषालयों में मैनुअल चालान स्वीकार नहीं किए जाएंगे। इस कदम का उद्देश्य भुगतान प्रक्रिया को तेज, सटीक और त्रुटिरहित बनाना है। पहले मैनुअल चालान में कई बार गलतियां हो जाती थीं, जिससे समय और संसाधनों की बर्बादी होती थी।
नई व्यवस्था को सुचारू रूप से लागू करने के लिए प्रशासन ने अधिकारियों और कर्मचारियों की ट्रेनिंग शुरू कर दी है। रायपुर में आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में आहरण एवं संवितरण अधिकारियों, स्टांप विक्रेताओं और बैंक प्रतिनिधियों को ऑनलाइन सिस्टम की पूरी जानकारी दी गई।
जिला कोषालय अधिकारी गजानन पटेल के अनुसार, मैनुअल चालान में गलत मद का चयन या आंकड़ों में त्रुटि जैसी समस्याएं आम थीं। लेकिन अब ओटीसी ऑनलाइन सिस्टम लागू होने से इन गलतियों में काफी कमी आएगी और सही हेड का चयन आसान होगा।

































