

अंबिकापुर: सरगुजा जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। थाना गांधीनगर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक बड़े मामले में अंतरराज्यीय कार्रवाई करते हुए बिहार के औरंगाबाद और गया जिले से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार यह मामला 17 जून 2024 का है, जब गांधीनगर थाना क्षेत्र के लटोरी रोड स्थित चठिरमा बैरियर के पास वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध आल्टो कार को रोका गया। चालक द्वारा भागने की कोशिश करने पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर वाहन से 1500 नग रेक्सोजेसिक बुप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन और 1500 नग एविल इंजेक्शन बरामद किए गए।इस मामले में आरोपी पंकजधर दुबे को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अम्बिकापुर के आरिफ हुसैन सहित अन्य लोगों को नशीले इंजेक्शन और सिरप बेचने की बात स्वीकार की। साथ ही, यह भी सामने आया कि बिहार के गया निवासी रॉकी कुमार से वह थोक में ये नशीले पदार्थ खरीदता था और खातों के माध्यम से लेन-देन होता था।
डीआईजी और एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में पुलिस टीम ने मामले में “एंड-टू-एंड” कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच में पता चला कि आरिफ हुसैन पहले से ही औरंगाबाद जेल में एनडीपीएस एक्ट के एक अन्य मामले में बंद है। पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट के जरिए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
वहीं, फरार आरोपी रॉकी कुमार की तलाश में पुलिस टीम बिहार रवाना हुई और उसे गया जिले से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी जब्त किया गया है। पूछताछ में उसने नशीले इंजेक्शन की सप्लाई और नेटवर्क से जुड़े अहम खुलासे किए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

































