जशपुर:धान खरीदी के सीजन में अवैध धान परिवहन पर जशपुर पुलिस की सख्त निगरानी लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना तपकरा क्षेत्र अंतर्गत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड से लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने की तैयारी कर रहे 30 क्विंटल अवैध धान को जब्त किया है। पुलिस ने बिना नंबर के ट्रैक्टर सहित धान को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को सौंप दिया है। जब्त धान की अनुमानित कीमत करीब 69 हजार रुपये बताई गई है।

जानकारी के अनुसार 2 और 3 जनवरी की दरम्यानी रात करीब 2 बजे तपकरा थाना पुलिस पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान घुमरा बैरियर के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान एक नीले रंग का सोनालिका ट्रैक्टर रोका गया। ट्रॉली की तलाशी लेने पर प्लास्टिक त्रिपाल से ढंकी 70 बोरियों में कुल 30 क्विंटल धान मिला।

पुलिस पूछताछ में ट्रैक्टर चालक ने अपना नाम गुलबदन साय (28 वर्ष), निवासी ग्राम मृगखोल, थाना तपकरा बताया। जब उससे धान से संबंधित वैध दस्तावेज और मंडी टोकन मांगा गया तो वह कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर पुलिस ने अवैध धान परिवहन की पुष्टि करते हुए ट्रैक्टर सहित धान जब्त कर लिया।

गौरतलब है कि जशपुर पुलिस द्वारा अब तक 7 ट्रक, 22 पिकअप और 2 ट्रैक्टरों से कुल 1930 क्विंटल अवैध धान पकड़ा जा चुका है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि अवैध धान परिवहन पर पुलिस की कड़ी नजर है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!