


बलरामपुर। बलरामपुर जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से बलरामपुर पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने व्यापक कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर लंबे समय से फरार चल रहे कुल 25 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
कानून-व्यवस्था एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने की दिशा में तथा अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर (भा.पु.से.) के कुशल मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के नेतृत्व में व्यापक अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा पूर्व में आयोजित समीक्षा बैठक में सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को लंबित स्थायी और गिरफ्तारी वारंटों की अधिक से अधिक तामिली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे।इसी के तहत 08 मार्च 2026 को सुबह 3 बजे से जिले के सभी थाना और चौकी स्तर पर पुलिस टीमों का गठन कर व्यापक अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अलग-अलग टीमों ने कार्रवाई करते हुए कुल 25 वारंटियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार वारंटियों में थाना रामानुजगंज से 08,कोतवाली बलरामपुर से 05,थाना शंकरगढ़ से 05,थाना कुसमी से 02,थाना पस्ता से 02,थाना रामचंद्रपुर से 01,चौकी विजयनगर से 02 इस प्रकार कुल 25 वारंटियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। इनमें से कुछ आरोपी पिछले 8 से 9 वर्षों से फरार चल रहे थे।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की सीमाएं झारखंड, उत्तरप्रदेश और मध्यप्रदेश से लगी होने के कारण असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की आशंका बनी रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए जिले में लगातार एरिया डॉमिनेशन, गश्त और सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है।अभियान के दौरान पुलिस द्वारा नशेड़ियों, गुण्डा एवं निगरानी बदमाशों, माफी बदमाशों तथा अन्य असामाजिक तत्वों की भी जांच की गई। साथ ही बैंक एटीएम, सर्राफा दुकान, लॉज और ढाबों की नियमित जांच कर सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। निगरानी बदमाशों के घर जाकर उनकी गतिविधियों की जानकारी ली गई और उन्हें आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की कड़ी चेतावनी दी गई।
पुलिस अधीक्षक द्वारा बेवजह घूमने वालों, नशेड़ियों व अन्य असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी दी गई है कि, किसी भी अनैतिक गतिविधि में शामिल होना पाए जाने पर पर उनके विरूद्ध कठोर कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
































