

मनेंद्रगढ़: नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ में आज एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रिश्वतखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए अकाउंटेंट को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। वहीं मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद नगर प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, एक ठेकेदार से उसके कार्य का बिल पास कराने के एवज में 53,000 की रिश्वत मांगी गई थी। बताया जा रहा है कि इस राशि में से 20,000 पहले ही नगद दिए जा चुके थे, जबकि शेष 33,000 की रकम आज देने की बात तय हुई थी।योजना के तहत ठेकेदार दोपहर में CMO के निवास पहुंचा। आरोप है कि CMO इसहाक खान के निर्देश पर ठेकेदार ने यह राशि नगर पालिका के अकाउंटेंट सुशील भगत को सौंपी। जैसे ही अकाउंटेंट ने नकद राशि ली, पहले से घात लगाए बैठी ACB टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।कार्रवाई के दौरान ACB ने अकाउंटेंट सुशील भगत को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया, जबकि CMO इसहाक खान को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। दोनों से मामले में गहन पूछताछ की जा रही है और अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
ACB अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

































