


अम्बिकापुर: जनपद पंचायत अम्बिकापुर अंतर्गत ग्राम पंचायत पोडिपा में रेवापुर मोड़ से पोडिपा पहुंच मार्ग तथा पोडिपा नाला पर पुल निर्माण कार्य का भूमि पूजन समारोह आयोजित किया गया। लगभग 5.52 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस महत्वपूर्ण सड़क एवं पुल निर्माण कार्य का शुभारंभ प्रबोध मिंज, विधायक लुण्ड्रा द्वारा मुख्य अतिथि के रूप में किया गया।कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग एवं ग्रामीणजनों द्वारा विधायक का माल्यार्पण एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। इसके पश्चात विधायक ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमि पूजन संपन्न कराया।
अपने उद्बोधन में विधायक श्री मिंज ने कहा कि इस सड़क और पुल निर्माण की मांग स्थानीय ग्रामीणों द्वारा लंबे समय से की जा रही थी। पूर्व में उन्हें केवल आश्वासन मिलते रहे, लेकिन अब यह मांग पूरी हो रही है। उन्होंने कहा कि पुल निर्माण से पोडिपा गांव, जो नाले के कारण दो भागों में बंटा हुआ था, अब सुगम आवागमन के माध्यम से एकजुट होगा। यह परियोजना क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और ग्रामीणों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, मंडल अध्यक्ष राजू सिंह, सरपंच देवंती कुजूर, सोहन बड़ा, प्रिया पुष्प कुमार, तेरेसा केरकेट्टा, जनपद सदस्य करिश्मा केरकेट्टा, उप सरपंच बगदली, पूर्व सरपंच कृपा एक्का, परमेश्वर, बूथ अध्यक्ष प्रेमचंद सूर्यवंशी, मुकेश गिरी, सुरेंद्र विश्वकर्मा, उप सरपंच श्यामलाल तिग्गा, संजय सिंह, युवा मोर्चा मंत्री दारा सिंह, सत्यनारायण पन्ना सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
































