

बलरामपुर। बलरामपुर जिले के डूमरखी बैरियर से आगे मोड़ पर गुरुवार दोपहर करीब 3:00 बजे एक ट्रेलर वाहन (CG 10 BR 5772) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े दो पेड़ों से जा टकराया। टक्कर के तुरंत बाद वाहन में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि चालक युसूफ अंसारी (32 वर्ष) ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की हाइवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
तत्काल अग्निशामक दल और वन विभाग को सूचना देकर बुलाया गया। टीमों की त्वरित कार्रवाई से न केवल वाहन में लगी आग पर काबू पाया गया, बल्कि आसपास के जंगल में फैलने की आशंका को भी समय रहते नियंत्रित किया गया।प्रशासन की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। राहत की बात यह रही कि चालक पूरी तरह सुरक्षित है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

































