

बलरामपुर: बलरामपुर जिले में विभिन्न प्रकरणों में जप्त किए गए भारी मात्रा में मादक पदार्थों को शनिवार को विधिवत नष्ट किया गया। यह कार्रवाई स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 एवं भारत सरकार की अधिसूचना के तहत गठित उच्च एवं जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति की देखरेख में संपन्न हुई। जिला स्तरीय निपटान समिति के अध्यक्ष एवं पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के निर्देशन में पुलिस लाइन स्थित ऑफिसर्स क्लब के पीछे निर्धारित स्थान पर पारदर्शिता और विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए नष्टीकरण किया गया। पूरी कार्यवाही की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कर अभिलेख सुरक्षित रखा गया।
नष्टीकरण के लिए प्रस्तुत मामलों में थाना रामानुजगंज, बसंतपुर, पस्ता और रघुनाथनगर के वे अपराध शामिल थे, जिनका निराकरण माननीय न्यायालय द्वारा किया जा चुका है। इनमें थाना रामानुजगंज के 87/2023, 125/2023, 84/2008, 174/2014, 56/2020, 113/2020, 47/2022, 308/2022, 172/2023, 192/2023, 241/2023, 251/2023, 23/2024, 77/2024, 147/2024, 168/2024, 185/2024, थाना बसंतपुर के 126/2016, 37/2023, 47/2023, 144/2023, 58/2024, 95/2024, 152/2024, थाना पस्ता का 74/2024 तथा थाना रघुनाथनगर का 05/2025 एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण शामिल थे।
इन प्रकरणों से संबंधित जप्त मादक पदार्थों में 135.180 किलोग्राम गांजा, 42 नग गांजा के पौधे, 1851 नग नशीली कफ सिरप, 1838 नग नशीली टेबलेट और 724 नग नशीले इंजेक्शन शामिल थे। समिति के पंचों की उपस्थिति में सभी प्रतिबंधित मादक पदार्थों को जलाकर नष्ट किया गया।
इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक बलरामपुर वैभव बैंकर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्वदीपक त्रिपाठी, सहायक आबकारी आयुक्त एस.एस. साहू, संबंधित थाना प्रभारी और डीसीआरबी शाखा का स्टाफ मौजूद रहे।






















