


जशपुर: जशपुर जिले के थाना नारायणपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम कुरकुंगा में जेसीबी मशीन से घर तोड़ने की कोशिश और पूरे परिवार पर जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजकुमार (55 वर्ष), निवासी ग्राम कुरकुंगा ने थाना नारायणपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 4 फरवरी 2026 की रात जब वह अपने परिवार के साथ खाना खाकर सो रहे थे, तभी आरोपी शंकर राम, उसका पुत्र सुरेश, लूनेश्वर यादव और उनके अन्य साथियों द्वारा जेसीबी लेकर उनके घर में जबरन प्रवेश किया गया।आरोप है कि हमलावरों ने राजकुमार के सिर के बाल पकड़कर उन्हें जबरन बाहर खींचा और हाथ में पकड़े लोहे के सब्बल से पीठ व सीने पर गंभीर वार किए। इसके बाद उन्हें लात-घूंसे मारे गए। आरोपियों ने जेसीबी से कुचलने का भी प्रयास किया, जिससे उनकी जान पर बन आई। किसी तरह ग्रामीणों के हस्तक्षेप से उनकी जान बच सकी।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने राजकुमार के परिवारजनों पर भी हमला कर दिया। उनकी पत्नी और बच्चों के साथ अंधाधुंध मारपीट की गई। पीड़ित के पुत्र पिताम्बर यादव को लाठी और लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा गया। घटना की आवाज सुनकर गांव के सरपंच, बीडीसी सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी, जिससे कई ग्रामीण घायल हो गए।आरोपियों ने जेसीबी से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने राजकुमार के घर को भी आंशिक रूप से तोड़ दिया। इस घटना से गांव में भय और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।
पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना नारायणपुर में बीएनएस की धारा 190, 191, 296, 116(2), 351(3), 109, 324 व 331 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो आरोपियों शंकर राम (65 वर्ष), निवासी चराईमारा और लूनेश्वर यादव (24 वर्ष), निवासी बहला टोली, चिटक्वाइन को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, इस घटना में शामिल अन्य आरोपियों को भी चिन्हित कर लिया गया है, जो फिलहाल फरार हैं। उनकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और शीघ्र ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
































