

भोपाल। नगर निगम स्लॉटर हाउस से जुड़े गोमांस मामले में मुख्य आरोपी असलम कुरैशी उर्फ चमड़ा पर सख्त कार्रवाई की गई है। जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर आते ही पुलिस ने उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया और अब उसके खिलाफ NSA (राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
असलम कुरैशी NSA कार्रवाई के इस मामले पर मंत्री विश्वास सारंग ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि गौ हत्या जैसे अपराधों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार इस तरह के मामलों में सख्त कदम उठा रही है।
वहीं विधायक रामेश्वर शर्मा ने भी तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ आगे और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने इसे गंभीर अपराध बताते हुए सख्त संदेश देने की बात कही।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी को बुधवार रात करीब 10 बजे जेल से रिहा किया गया, लेकिन बाहर निकलते ही पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। इसके बाद उसे अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर पूछताछ की गई और देर रात थाने पहुंचाया गया।
असलम कुरैशी NSA कार्रवाई का यह मामला 17 दिसंबर से जुड़ा है, जब एक कंटेनर से 26 टन मांस बरामद किया गया था। जांच के लिए भेजे गए सैंपल की रिपोर्ट में गोमांस की पुष्टि हुई थी, जिसके बाद 8 जनवरी को मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया था।

































