बलरामपुर। नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बलरामपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। ट्रैक्टर से मादक पदार्थ गांजा की तस्करी के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे एक आरोपी को बिहार के सासाराम से गिरफ्तार कर जेल भेजा।

जानकारी के अनुसार, 26 अगस्त 2025 की रात ओडिशा के बालांगीर क्षेत्र से भारी मात्रा में गांजा ट्रैक्टर ट्रॉली के नीचे बने गुप्त चेंबर में छिपाकर बिहार सासाराम ले जाया जा रहा था। इसी दौरान बलरामपुर थाना क्षेत्र के दलधोवा घाट में ट्रैक्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। मौके पर पहुंचे पुलिस दल ने चालक अनुज कुमार निवासी आदमापुर, सासाराम (बिहार) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 125 किलो ग्राम गांजा बरामद किया था। आरोपी को 2 सितंबर 2025 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया था।

पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा और पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के निर्देश पर “एंड टू एंड” कार्यवाही के तहत घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्वदीपक त्रिपाठी के मार्गदर्शन में उप निरीक्षक के.पी. सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने साइबर सेल से मिली तकनीकी जानकारी का विश्लेषण कर आरोपी ज्ञानचंद पासवान पिता यमुना पासवान (21 वर्ष), निवासी अदमापुर, थाना मुफस्सिल, जिला रोहतास (बिहार) को सासाराम से गिरफ्तार किया।

आरोपी से पूछताछ और आवश्यक साक्ष्य संकलन के बाद 18 अक्टूबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जिला जेल रामानुजगंज भेज दिया गया। पुलिस अब अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी भापेंद्र साहू, उप निरीक्षक के.पी. सिंह, प्रधान आरक्षक शिपक शर्मा, प्रधान आरक्षक शैलेंद्र तिवारी और आरक्षक दलसाय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!