


बलरामपुर। बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डांडखड़ुआ निवासी बुजुर्ग से 49 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है।पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित निबल लकड़ा पिता लल्लूराम (50 वर्ष) अपने बेटे के साथ जिला मर्यादित सहकारी बैंक राजपुर से पैसे निकालने आया था। बैंक से रकम निकालने के बाद उसका बेटा कुछ काम से आगे चला गया और बुजुर्ग को वहीं रुकने को कहा।काफी देर तक बेटे के वापस न लौटने पर बुजुर्ग पैदल ही घर की ओर जाने लगा। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति उसके पास पहुंचे और खुद को उसके बेटे का परिचित बताया। विश्वास में लेकर वे उसे महुआपारा ले गए, जहां बातों में उलझाकर उससे 49 हजार रुपये ले लिए। आरोपियों ने सामान लाने की बात कहकर बुजुर्ग को वहीं छोड़ दिया और फरार हो गए।
ठगी का अहसास होने पर बुजुर्ग सीधे थाने पहुंचा और घटना की जानकारी दी।पुलिस मामले में अपराध क्रमांक 25/2026 धारा 318(4), 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
































