

अंबिकापुर: सरगुजा जिले में महिला की जघन्य हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर कुल 35 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह अवैध संबंधों को लेकर उपजा विवाद सामने आया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 3 अप्रैल को कोतवाली थाना क्षेत्र के सद्भावना चौक रिंग रोड स्थित एक झाला में अज्ञात महिला का खून से लथपथ शव बरामद हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक के मार्गदर्शन में डीआईजी व एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन पर विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें महिला एक संदिग्ध व्यक्ति के साथ घटनास्थल की ओर जाती दिखाई दी। परिजनों की पहचान के बाद आरोपी की तलाश तेज कर दी गई। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पूरे सरगुजा रेंज समेत सीमावर्ती जिलों में अलर्ट जारी किया गया था।आखिरकार चिरमिरी पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी वहां छिपा हुआ है। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी छोटू उर्फ मिथुन उर्फ राम सिंह (30 वर्ष), निवासी मकनपुर, थाना प्रतापपुर, जिला सूरजपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह पिछले कई वर्षों से अंबिकापुर में मजदूरी करता था और मृतिका के साथ उसका संबंध था। हाल ही में उसे महिला के किसी अन्य व्यक्ति से अवैध संबंध होने का शक हुआ, जिससे वह नाराज था। 2 अप्रैल को दोनों ने साथ में शराब पी, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। गुस्से में आरोपी ने पहले दुष्कर्म किया और फिर मारपीट कर महिला की हत्या कर दी।
वारदात के बाद आरोपी फरार होकर अंबिकापुर से होते हुए विश्रामपुर, नागपुर और फिर चिरमिरी पहुंच गया था, जहां वह छिपकर रह रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना के समय पहने कपड़े भी जब्त कर लिए हैं।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस पूरे मामले में कोतवाली पुलिस, साइबर सेल और चिरमिरी पुलिस की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही।

































