बिलासपुर: प्रगतिशील युवा स्वर्णकार समाज की सकरी स्थित सामुदायिक भवन पर अवैध कब्जे का गंभीर आरोप लगाते हुए समाज ने शासन से तत्काल FIR दर्ज कर भवन को कब्जा मुक्त कराने की मांग की है। समाज का कहना है कि नर्मदा नगर निवासी अभिषेक कुमार पिता बी.पी. द्वारा भवन एवं उससे लगी सरकारी भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण कार्य कराया जा रहा है।

इस संबंध में समाज की एक अतिआवश्यक बैठक उपाध्यक्ष नरेंद्र सोनी के निवास पर आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो समाज उग्र आंदोलन करेगा।समाज ने बताया कि उक्त भूमि स्व. रमाकांत सोनी द्वारा दान की गई थी, जिस पर सामुदायिक भवन निर्माण के लिए तत्कालीन विधायक राजू क्षत्री द्वारा 5 लाख रुपये की राशि दी गई थी। भवन निर्माण कार्य जनपद पंचायत सकरी के माध्यम से कराया गया था।

समाज के पदाधिकारियों का आरोप है कि लगभग एक माह पूर्व सकरी थाना, तहसीलदार एवं कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि प्रभाव का उपयोग कर कार्रवाई रोकी जा रही है और अवैध निर्माण लगातार जारी है।समाज ने यह भी बताया कि कब्जाधारी द्वारा कुछ पदाधिकारियों को बुलाकर समझौते का प्रयास किया गया और दूसरी सरकारी भूमि देने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे समाज ने सिरे से खारिज कर दिया। समाज का स्पष्ट कहना है कि वही भवन और वही भूमि वापस चाहिए, जिस पर वर्षों से समाज का अधिकार है।बैठक में निर्णय लिया गया कि सकरी स्थित सामुदायिक भवन व भूमि का पुनः सीमांकन कराया जाए और अवैध कब्जा हटाकर समाज को सौंपा जाए। यदि शासन-प्रशासन ने शीघ्र कोई ठोस कदम नहीं उठाया तो आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

इस बैठक में अध्यक्ष नंदू सोनी, उपाध्यक्ष नरेंद्र सोनी सहित वेद सोनी, अनुप सोनी, अमरनाथ सोनी, सीएल सोनी, पूर्व अध्यक्ष कामता सोनी, राकेश सोनी, हेमंत सोनी, हरि पोतदार, पवन सोनी, अनिल सोनी, दीपक सोनी, रामेश्वर सोनी, पुरुषोत्तम सोनी, अजय सोनी, राजेंद्र सोनी, रुद्रनारायण सोनी, शैलेंद्र सोनी, संतोष सोनी, आर.के. सोनी, विनोद सोनी, सूरज सोनी सहित अनेक पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!