

नई दिल्ली: एयर इंडिया ने वेस्ट एशिया के लिए अपनी सेवाओं को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। एयर इंडिया वेस्ट एशिया फ्लाइट के तहत सोमवार को एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस मिलकर कुल 30 निर्धारित और गैर-निर्धारित उड़ानें संचालित करेंगी। हालांकि, कई मार्गों पर सेवाएं फिलहाल सीमित रहेंगी।
एयरलाइन के आधिकारिक बयान के मुताबिक, 23 मार्च को वेस्ट एशिया क्षेत्र के लिए यह विशेष संचालन किया जा रहा है। जेद्दा के लिए नियमित उड़ानें जारी रहेंगी, जहां भारत और सऊदी अरब के बीच कुल 10 उड़ानें संचालित होंगी। एयर इंडिया दिल्ली और मुंबई से वापसी उड़ानें संचालित करेगी, जबकि एयर इंडिया एक्सप्रेस बेंगलुरु, कोझिकोड और मंगलुरु से सेवाएं देगी।
इसके अलावा, एयर इंडिया एक्सप्रेस मस्कट के लिए चार निर्धारित उड़ानें और रियाद के लिए भी चार उड़ानें संचालित करेगी। वहीं, संयुक्त अरब अमीरात के दुबई, अबू धाबी और शारजाह के लिए 12 अनियमित उड़ानें संचालित की जाएंगी, जो स्लॉट और परिचालन स्थितियों पर निर्भर करेंगी।
एयर इंडिया वेस्ट एशिया फ्लाइट अपडेट के अनुसार, कुछ गंतव्यों जैसे रास अल खैमाह, अल ऐन, सलालाह, दम्माम, बहरीन, दोहा, कुवैत और तेल अवीव के लिए फिलहाल कोई उड़ान संचालित नहीं होगी।
हालांकि राहत की बात यह है कि उत्तरी अमेरिका, यूरोप और ऑस्ट्रेलिया के लिए एयर इंडिया की उड़ानें सामान्य रूप से जारी रहेंगी। जिन यात्रियों की उड़ानें प्रभावित हुई हैं, उन्हें बिना अतिरिक्त शुल्क के रीबुकिंग या पूरा रिफंड दिया जाएगा।
एयर इंडिया ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अधिक जानकारी के लिए वेबसाइट या कस्टमर सपोर्ट से संपर्क करें। आने वाले दिनों में स्थिति के अनुसार अतिरिक्त उड़ानों की भी संभावना जताई गई है।
































